bikaner-hulchal-header
National
सुरक्षा प्रहरी ही पहुंचा रहे हैं मोबाइल-सिमकार्ड

जोधपुर.प्रदेश की जेलों में सिम और मोबाइल मिलने की घटनाएं थमने का नाम नही ले रही हैं. हाल ही में हाईकोर्ट की फटकार के बाद पूरे प्रदेश की जेलों में तलाशी अभियान भी चलाया गया था. लेकिन ये सिम और मोबाइल मिलने का ये सिलसिला अभी जारी है. जोधपुर की सेंट्रल जेल में एक बार फिर सिम कार्ड बरामद हुआ है. 

खास बात ये है कि ये सिम किसी और के पास नही, बल्कि जेल के सुरक्षा प्रहरी के पास बरामद हुआ. ये उस वक्त हुआ जब रविवार को जेल में सुरक्षा प्रहरियों की तलाशी ली जा रही थी, तो एक प्रहरी के पास ये सिम कार्ड बरामद हो गया. ताज्जुब की बात ये है कि प्रहरी इस सिम कार्ड को जर्दा के पैकेट में डाल कर ले जा रहा था. 

जेल अधीक्षक एआर नियाजी के अनुसार रोजाना की तरह रविवार को भी प्रहरियों की ड्यूटी बदलते ही सभी की उनकी तलाशी ली गई. इस दौरान एक जेल प्रहरी चंपालाल के पास गुटखा और जर्दे के पैकेट मिल गया. पूछताछ में प्रहरी ने बताया कि यह गुटखा-जर्दा अपने खुद के खाने के लिए लेकर जा रहा था. लेकिन जब पैकेट को खोला गया तो उसमें एक में सिम कार्ड बरामद हो गया. इस पर जेल अधीक्षक ने सिम जब्त कर प्रहरी चंपालाल को निलंबित कर दिया. इस घटना के बाद जेल अधीक्षक ने सभी प्रहरियों की सघन तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. 

पहले भी मिल चुके है सिम मोबाइल
गौरतलब है कि जोधपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल और सिम कार्ड मिलना अब आम बात हो चुकी है. हाईकोर्ट के निर्देश पर जब पूरे प्रदेश की जेलों की तलाशी हुई तब जोधपुर जेल में 33 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद हुए थे. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर जेल की सुरक्षा और यहां कारिदों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. साथ ही इस घटना ये साफ पता चल गया है कि मोबाइल फोन कोई और नहीं, जेल की सुरक्षा में तैनात प्रहरी ही पहुंचा रहे हैं.