जयपुर। प्रदेश में बीते एक सप्ताह से चल रहे शीतलहर के दौर से आखिरकार सोमवार को राहत मिली। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन व रात दोनों का पारा बढ़ गया। लेकिन, तीन फरवरी से एक बार फिर से मौसम पलटने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार से बारिश की संभावना जताई है। वहीं 4 व 5 फरवरी को ओलावृष्टि की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने वाला है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी जिलों में 3 फरवरी की रात से 5 फरवरी तक बारिश की संभावना है। आगामी बारिश के स्पेल से प्रभावित होने वाले जिले श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सीकर, करौली तथा जयपुर हो सकते हैं। वर्षा की गतिविधियां उत्तरी जिलों में अधिक रहेंगी तथा बाकी जिलों में हल्की बरसात की संभावना है।
इस दौरान बारिश के साथ बादलों की गर्जना, बिजली गिरने तथा एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बरसात वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। लेकिन, जब बारिश की गतिविधियां बंद हो जाएंगी तब उत्तर से फिर ठंडी हवाएं शुरू हो जाएंगी। जिससे न्यूनतम तापमान में फिर से कमी आएगी।
COMMENTS