जयपुर। प्रदेश में मानसून विदाई का समय नजदीक आ रहा है। लेकिन विदाई के समय जाते मानसून की बारिश आमजन को राहत नहीं दे पा रही है। इसका नतीजा यह है कि लगातार तापमान बढ़ने के साथ ही आमजन को गर्मी और उमस से परेशान होना पड़ रहा है। राजधानी जयपुर में लगातार तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। गुरुवार सुबह भी तापमान 30 डिग्री को पार कर गया। अन्य जिलों में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वहीं कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक संभवतया सितंबर के अंत तक प्रदेश से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा।
आज यहां हो सकती है बारिश:
गुरुवार को अजमेर, भरतपुर, जयपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ बारिश होगी। वहीं अन्य संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। आगामी चार दिनों के लिए अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर सहित अन्य जगहों पर बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।