बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों के शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के समय दोनों भाई खेत में गेहूं की फसल कटाई का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार रामेश्वरलाल भांभू के खेत में गेहूं की फसल काटने के लिए मजदूर आए हुए थे। इन मजदूरों के लिए खेत के पास ही रहने का जुगाड़ किया हुआ था। मजदूर दिन में फसल काटते और रात को यहीं सोते थे। ये मजदूर बीकानेर शहर के पास ही बजरंग धोरा एरिया से आए थे। सोमवार रात करीब आठ बजे के आसपास मौसम पलटा और बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में बिजली गिरी। ये बिजली खेत में रहने वाले मजदूरों पर ही गिरी, दोनों सगे भाई इसकी चपेट में आ गए। इनमें एक तेजाराम और दूसरा आसाराम था। तेजाराम की उम्र करीब बीस साल है जबकि आशाराम की उम्र महज 18 साल बताई जा रही है। यहीं पर कुछ बकरियां भी बांधी हुई थी। बिजली की चपेट में तीन चार बकरियां भी आई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।