बीकानेर

कौशल पखवाड़े के तहत ‘मेहंदी प्रतियोगिता एवं कौशल जागरूकता’

हाथ के हुनर को आत्मनिर्भरता का आधार बनाएं – अविनाश भार्गव

Bikaner News ‘‘ सीखे गए हाथ हुनर को अपने शौक तक सीमित ना रखें इसे अपनी आत्मनिर्भरता का आधार बनाएं।’’ ये उद्बोधन जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के उपाध्यक्ष श्री अविनाश भार्गव  ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा 16 से 31 जुलाई, 2019 तक आयोजित किए जाने वाले ‘कौशल पखवाड़े’ के  तहत नत्थुसर बास में आयोजित ‘मेहंदी प्रतियोगिता एवं कौशल जागरूकता’ कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन के तहत व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के तहत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में मेकअप प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षुओं के साथ स्थानीय महिलाओं-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीभार्गव ने कहा कि बेरोजगारी के वर्तमान दौर में आजीविका यापन करने के लिए हाथ का हुनर बेहतर विकल्प के रूप में हमारे सामने हैं। हुनर की शक्ति से बेरोजगारी से मुक्ति पाई जा सकती है। आज जिस प्रकार से बाजारों का विकास हो रहा है उसी प्रकार से रोजगार एवं स्वरोजगार के बहुत से कौशल-स्किल की आवश्यकता बढ़ती जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री रामलाल सोनी ने कहा कि आज का युग आर्थिक उन्नति का युग है। इसलिए पुरूषों के साथ महिला शक्ति को भी अपनी आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए स्वयं के साथ घर-परिवार और समाज की सोच में बदलाव लाना होगा। स्वरोजगार आत्मनिर्भरता का बेहतर साधन है। इसके लिए बैंक, जिला उद्योग केन्द्र जैसे सरकारी संस्थान बहुत-सी ऋण योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहयोग देते हैं। जिनके प्रति महिलाएं जागरूक हों और अपनी आर्थिक स्वावलंबनता का मार्ग प्रशस्त करें।
संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी ओमप्रकाश सुथार ने संस्थान द्वारा कौशल पखवाड़े की अवधारणा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए संस्थान के कौशल प्रशिक्षणों से जुड़कर आगे बढ़ने की बात कही।

organizing-mehndi-competition-and-skills-awareness-program
कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में मेकअप प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षुओं के साथ स्थानीय महिलाओं-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सुश्री नीलम सांखला, द्वितीय स्थान पर सुश्री निकिता, तृतीय स्थान पर ज्योति संाखला एवं सांत्वना स्थान पर सुश्री पूजा राव रही। सभी विजेताओं का संस्थान की ओर से आगंतुक अतिथियों के कर-कमलों से पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्द्धन किया गया।
कौशल पखवाड़े के तहत आयोजित आज के कार्यक्रम में युवा सामाजिक कार्यकर्ता पुखराज कच्छावा,  संस्थान की अनुदेशिका श्रीमती पूजा कच्छावा सहित प्रशिक्षुओं की सक्रिय सहभागिता रही।