लूणकरणसर क्षेत्र में पशु चिकित्सक के रिक्त पदों का अतिरिक्त चार्ज दिया जाएगा
शिविर में ग्रामीणों द्वारा जब यह बताया गया कि गांवों में पशु चिकित्सक के पद स्वीकृत हैं, लेकिन काफी समय से डाॅक्टर की नियुक्ति नहीं की गई है, इस पर जिला कलक्टर ने संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि लूणकरणसर तहसील क्षेत्र में कार्यरत पशु चिकित्सकों को रिक्त पदों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाए, ताकि ग्रामीणों को पशु चिकित्सक की सेवाएं समान रूप से मिलती रहे।
शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 3 वृद्धावस्था पेंशन और 1 पालनहार योजना का आवेदन आॅनलाईन करवाया। कृषि विभाग के पास 35 किसानों ने 2018-19 के डिग्गी अनुदान दिलाए जाने का आवेदन किया। इस पर किसानों को बताया गया कि बजट मिलते ही अनुदान का भुगतान कर दिया जाएगा।
शिविर में प्राप्त आवेदन पत्रों की प्राप्ति रसीद लोक सेवा गारन्टी अधिनियम 2011 एवं राजस्थान सुनवाई का अधिकार अधिनियम 2012 के तहत संबंधित को दी गई। जिला कलक्टर ने बताया कि आगामी शिविरों में सभी विभाग अपने-अपने आवेदन पत्रों की रसीद स्वयं देंगे, जिससे एक ही स्थान पर ग्रामीणों को रसीद प्राप्ति के लिए इंतजार न करना पड़े।






