जयपुर. राजस्थान में गहलोत और पायलट गुट का झगड़ा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों गुटों के कार्यकर्ता बुधवार को एक दूसरे के सामने आ गए और नारेबाजी करने लगे. राजस्थान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी अजय माकन आज अजमेर संभाग के दौरे पर थे. इस दौरे का उद्देश्य गहलोत और पायलट गुट के कार्यकर्ताओं में आपसी तालमेल बढ़ाना था. लेकिन यहां पर दोनों गुट के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये. अजय माकन के साथ गहलोत गुट के नेताओं को देख पायलट समर्थक नारेबाजी करने लगे और पोस्टर फाड़ दिया. इसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. लोगों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार अजय माकन के अजमेर पहुंचने पर पायलट गुट के मसूदा से विधायक राकेश पारीक की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया. माकन जिस होटल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बातें सुन रहे थे उसी के बाहर पायलट गुट के नेताओं ने नारेबाजी की. नारेबाजी के दौरान गहलोत गुट के नेताओं के साथ पायलट गुट के लोगों का टकराव भी हुआ. इसके बाद उन्हें होटल के अंदर जाने से रोकने पर पायलट गुट के नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और माकन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. जिसके बाद लोगों को रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. हालांकि पायलट समर्थकों ने पुलिस से भी भिड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया. इसके विरोध में पायलट समर्थक धरने पर बैठ गये. इसके बाद दिनभर बवाल चलता रहा.






