featuredबीकानेरराजस्थान

Bikaner : पान व्यापारियों ने यूडीएच मंत्री को सौंपा ज्ञापन, तंबाकू विक्रय नीति में स्पष्टता की उठाई मांग

Bikaner। बीकानेर पान मर्चेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा को ज्ञापन सौंपकर तंबाकू विक्रय के लिए स्पष्ट लाइसेंस नीति लागू करने तथा कोटपा एक्ट-2003 के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की। 
ज्ञापन में एसोसिएशन ने जनस्वास्थ्य के हित में प्रत्येक माह की अंतिम तिथि को ‘राज्य तंबाकू निषेध दिवस’ घोषित करने का सुझाव दिया। संगठन का कहना है कि उक्त दिवस पर पूरे राज्य में तंबाकू उत्पादों के उत्पादन, वितरण एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा सभी थोक एवं खुदरा तंबाकू विक्रेताओं के प्रतिष्ठान बंद रखे जाएं। साथ ही नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन ने पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम को कोटपा एक्ट के तहत संयुक्त रूप से नियमित अभियान संचालित करने के निर्देश देने तथा तीनों विभागों की मासिक प्रगति रिपोर्ट यूडीएच मंत्री को भेजना अनिवार्य करने की भी मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश कुमार सोलंकी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने में व्यापारी वर्ग सरकार को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन इसके लिए तंबाकू व्यापार से संबंधित नीतिगत स्पष्टता एवं वैध लाइसेंस व्यवस्था आवश्यक है। इस अवसर पर सचिव विष्णु सांखला, कोषाध्यक्ष नारायण दास पुरोहित, उपाध्यक्ष रामदेव मोदी, प्रवक्ता कैलाश गहलोत, चंद्र प्रकाश उपाध्याय, हरिप्रसाद शर्मा, शंकर महाराज, पियूष भाटी, श्याम सांखला, महेश तंवर, रंजीत साध, हनुमान तंवर सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।