जयपुर। सर्दी के सितम से जूझ रहे प्रदेशवासियों को आगामी दिनों में ओर ठंड के प्रकोप के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज फिर से पूरी तरह से राजस्थान, यूपी, दिल्ली सहित अन्य जगहों पर बदल जाएगा।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 26 से 28 दिसंबर तक राज्य के उत्तरी व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं बीती रात बुधवार की बात की जाए प्रदेश में तापमान का मिलाजुला असर रहा, सबसे कम तापमान शेखावाटी अंचल में फतेहपुर का पारा पांच डिग्री सेल्सियस, वहीं जयपुर के जोबनेर का पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगामी दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज देश के कई जगहों पर बर्फबारी की भी संभावना है। पहला विक्षोभ शुक्रवार को और दूसरा रविवार को सक्रिय होगा। 24 से 29 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा कुछ जगहों पर हो सकती है। मौसम के पूर्वानुमान में बताया है कि इससे उत्तर पश्चिम भारत के आसपास मैदानी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। साथ ही शीतहर का प्रकोप भी बढ़ेगा। आईएमडी के मुताबिक आगामी दो से तीन दिनों में दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शीतलहर से लेकर गंभीर स्थिति बनी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण शीतलहर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 25 दिसंबर को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में कहीं कहीं पर घना कोहरे की संभावना जताई है।






