बीकानेर

सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा जूनागढ़ मंडल की बैठक सम्पन्न

सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा जूनागढ़ मंडल की बैठक सम्पन्न

भारतीय जनता पार्टी जूनागढ़ मंडल कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को पार्टी कार्यालय में मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पड़िहार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, जिला महामंत्री एवं सदस्यता अभियान संयोजक मोहन सुराणा एवं जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत के साथ जूनागढ़ मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से आगामी 6 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान की रूपरेखा एवं क्रियान्विती पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने पार्टी के सदस्यता अभियान को बड़े ही उत्साह के साथ एक पर्व के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए अभियान को सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी रूप से संपन्न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव में मिली विजय को सदैव चिरस्थाई बनाने के लिए प्रयास करता है तथा विजय प्राप्त होने पर आलस्य एवं उन्माद से न भरते हुए निरंतर संगठन के सुदृढ़ीकरण हेतु कार्य करता है।

जिला महामंत्री एवं सदस्यता अभियान जिला संयोजक मोहन सुराणा ने सदस्यता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सुराणा ने सदस्यता अभियान के बूथ स्तरीय अभियान, सक्रिय सदस्यता अभियान, विभिन्न मोर्चों द्वारा होने वाला अभियान एवं संस्थागत अभियान सहित विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने की बात कही।

 

जूनागढ़ मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पड़िहार ने सदस्यता अभियान के अंतर्गत मंडल को मिले लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने का विश्वास दिलाते हुए मंडल कार्यकर्ताओं को अभियान हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां वितरित की। उन्होंने कहा कि जूनागढ़ मंडल के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर पहुंच कर सदस्यता अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करेंगे।

इस अवसर पर मंडल महामंत्री अर्जुन सिंह, हरि सिंह राजगुरु, चेतन धाभाई, राजेन्द्र सिंह चारण,रणवीर सिंह रुंगड़ी, पवन कुमार शर्मा, प्रेम सिंह मेड़तिया, सुरजन सिंह, हुलास चंद्र, राम जी सोनी, गोपाल सिंह भाटी,विजेंद्र अग्रवाल, मनीष आचार्य इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।