अजमेर। परबतपुरा बायपास स्थित खालसा पेट्रोल पम्प पर शुक्रवार शाम को एलपीजी खाली कर रहे टैंकर में आग लग गई। धमाके के साथ भभकी आग से टैंकर और पम्प का गैस प्लांट आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में टैंकर चालक जिंदा जल गया जबकि 9 जने झुलस गए। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नगर निगम की दमकल ने आग पर काबू पा लिया।
जानकारी अनुसार ब्यावर-किशनगढ़ राजमार्ग पर परबतपुरा स्थित खालसा पेट्रोल पम्प पर शुक्रवार शाम टैंकर से एलपीजी टैंक में खाली की जा रही था। तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंकर और पम्प गैस प्लांट आग की लपटे में तब्दील हो गया। तेज आवाज और आग की लपटे देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में पेट्रोल पम्प पर काम करने वाले कर्मचारी समेत 9 लोग झुलसे। सूचना मिलते ही आईओसी प्लांट व नगर निगम के दमकल वाहन पहुंचे। हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया लेकिन टैंकर में फंसे चालक के जिन्दा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त की गई है, जबकि झुलसे लोगों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम प्रजापत, सीओ साउथ मुकेश सोनी, आदर्शनगर थानाप्रभारी हेमराज मूंड घटनास्थल पर पहुंचे।
COMMENTS